फूफा के बेटे की बरात में जाने के लिए साउंड सर्विस वाले को बुलाने फूफा के भतीजे के साथ जा रहे युवक को पिकअप ने संडीला बांगरमऊ मार्ग पर टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई। उनके फूफा का भतीजा घायल हो गया। गंभीर हालत में घायल को लखनऊ रेफर किया गया है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के महुआ कोला निवासी रमित (22) चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे। मूल रूप से कछौना कोतवाली क्षेत्र के खेरवा निवासी उनके फूफा शिवमंगल इन दिनों संडीला में रहते हैं। शिवमंगल के बेटे सचिन की बरात रविवार को जानी थी। इसी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले वह चंडीगढ़ से संडीला आए थे। रविवार दोपहर वह सगे फूफा के भतीजे रोहित (18) के साथ बाइक से बांगरमऊ साउंड सर्विस वाले को बुलाने के लिए जा रहे थे। बांगरमऊ मार्ग पर झौनीखेड़ा गांव के पास सामने से आई पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक चला रहे रमित की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस और राहगीरों की मदद से रोहित को बेहंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था। घटना का पता चलने पर मृतक के पिता बिंद्रा और मां खुशी बदहवास हो गईं। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। टक्कर मार ने वाली पिकअप के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।