हरदोई जनपद में अवैध शस्त्र बनाए जाने का कारोबार तेजी से बढ़ा है। पुलिस ने पिछले 10 दिन के अंदर अवैध शस्त्र बनाने की तीसरी फैक्टरी पकड़ी है। शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार कर 10 तमंचे बरामद किए गए हैं। दो कारतूस और दो खोखों के साथ ही अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि रविवार को शहर कोतवाली पुलिस हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर कसरावां मोड़ के पास वाहनों की जांच का अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि कसरावां जाने वाली सड़क के पास आम के बाग के किनारे बनी झोपड़ी में कुछ लोग अवैध शस्त्र बना रहे हैं। इस पर शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी मौके पर पहुंची। यहां से पुलिस ने टड़ियावां थाना क्षेत्र के मोहकमपुरवा निवासी जगदीश और गुलरीपुरवा निवासी शिशुपाल को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से 10 तमंचे, दो कारतूस और दो खोखे बरामद हुए। शस्त्र बनाने के उपकरण भी मिले। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि तमंचे बनाकर अलग-अलग स्थानों पर बेचते हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, शहर कोतवाल संजय पांडेय मौजूद रहे। बताया गया कि पुलिस 10 दिन में 21 अवैध शस्त्र बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले 30 मार्च और छह अप्रैल को अवैध फैक्टरी पकड़ी गई थी।
ये है खुलासा करने वाली टीम
घटना का खुलासा करने वाली टीम में शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह और विनोद कुमार शर्मा, सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह, एसओजी के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार मिश्रा, दीवान रामकृष्ण द्विवेदी, सर्विलांस टीम के सिपाही ओमवीर सिंह आदि शामिल रहे।