भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने वक्फ संशोधन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि इससे गरीबों की जमीनों पर पड़ने वाली डकैती पर लगाम लगेगी। अधिनियम के जरिए जो जमीनें वापस आएंगी, उन पर अस्पताल बनेंगे। गरीबों के लिए मकान बनेंगे, स्कूल, विश्वविद्यालय बनेंगे और निवेश के लिए लैंड बैंक बनेंगे। जमीन कब्जा करने के लिए गुंडागर्दी की छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी इसलिए परेशान हैं कि अब गुर्गे खाली हो जाएंगे। खाली गुर्गे कहीं भस्मासुर न बन जाएं और उनको ही न लूटने लगें इसलिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र का संचालन बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान के आधार पर होता है। हमें संविधान पर विश्वास है। विरासत भी सहेजनी है और विकास भी करना है।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, सांसद जय प्रकाश और अशोक रावत ने भी संबोधित किया। इस दौरान परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, श्याम प्रकाश, अलका अर्कवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक विधायक आशीष सिंह आशू ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर आभार जताया।
यह भी पढ़ें- योगी बोले- वक्फ कानून से रुकेगी जमीन की लूट, बंगाल की अराजकता पर किया सवाल, कही ये बात