हरदोई जिले में पिहानी कोतवाली क्षेत्र के करीमनगर निवासी शिक्षक ने भाजपा नेता पर आरोप लगाया है कि स्कूल में सेवाएं देने के बाद भी मानदेय नहीं दिया और अभद्रता करते हुए नेता ने खुद के विधायक बनते ही जान से मरवाने की धमकी दी है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करीमनगर निवासी मनीष कुमार वर्मा ने पिहानी कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह सर्वेश जनसेवा इंटर कॉलेज पिहानी में दो वर्षाें से पढ़ा रहा है। विद्यालय के प्रबंधक भाजपा नेता सर्वेश जनसेवा हैं।
मनीष का कहना है कि उसे प्रति माह तीन हजार रुपये मानदेय पर रखा गया था। आठ अक्टूबर को उसने मानदेय के बकाया साठ हजार रुपये सर्वेश से मांगे तो वह भड़क गए। आरोप है कि गुस्से में सर्वेश जनसेवा में यहां तक कह दिया कि अगर तुम दोबारा रुपये मांगने आए तो विधायक बनते ही जान से मरवा देंगे। उसने रिपोर्ट दर्ज करने, बकाया मानदेय दिलाने की मांग की है। जानमाल का खतरा भी बताया है।