हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र में हरिहरपुर मार्ग पर शारदा नहर पुल के मोड़ के पास जेसीबी ने बाइक सवार इंटरमीडिएट के छात्र को टक्कर मार दी। सिर के बल सड़क पर गिरे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बाइक जेसीबी में फंसकर सौ मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद चालक जेसीबी को एक ईंट-भट्ठे पर खड़ा कर भाग निकला।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के चौभयन थोक मजरा भैंसरी निवासी इनुश (18) राजकीय इंटर कॉलेज टड़ियावां का छात्र था। शनिवार को वह रोज की तरह साइकिल से स्कूल गया था। स्कूल में उसे हाईस्कूल की मार्कशीट और आय जाति प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ी। इस पर उसने अपने दोस्त से बाइक मांगी और उक्त अभिलेख लेने घर चला गया।
अभिलेख लेकर गांव से स्कूल आते समय हरिहरपुर मार्ग पर शारदा नहर पुल के मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही जेसीबी ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से इनुश सिर के बल सड़क पर गिर गया। हेलमेट न लगाए होने की वजह से सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी दौरान बाइक जेसीबी में फंसकर सौ मीटर तक घिसटती चली गई।