हरदोई जिले में कासिमपुर थाना क्षेत्र में संडीला-मल्लावां मार्ग पर बाइक सवार दोस्तों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक चला रहे छात्र की मौत हो गई, पीछे बैठा उसका दोस्त घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला।
विज्ञापन
कासिमपुर थाना क्षेत्र के जरहा गांव निवासी सईद (18) इंटर का छात्र था। सोमवार को बकरीद की नमाज पढ़ने के बाद गांव निवासी अपने दोस्त अरमान (18) के साथ बाइक से गौसगंज गया था। घर लौटते समय संडीला-मल्लावां मार्ग पर दोपहर एक बजे हिया गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चला रहे सईद की मौत हो गई, अरमान गंभीर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सईद के पिता सत्तार और मां अनवरी बदहवास हो गई। कासिमपुर के थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।