माधौगंज थाना परिसर में खड़ी ऑटो में टक्कर मारने वाली कार
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में माधौगंज-बघौली मार्ग पर बुधवार की देर रात कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। घायल ऑटो चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने वाली कार में विधायक लिखा हुआ था। पुलिस ने कार कब्जे में लिया है।
माधाैगंज थाना क्षेत्र के हसनपुर ज्योली निवासी नन्हेंलाल (42) ऑटो चलाता था। बुधवार देर रात बघौली चौराहा पर सवारियां उतारकर अपने गांव जा रहा था। बघौली मार्ग पर पहुंतेरा गांव के पास माधौगंज की ओर से आ रही कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। घटना में नन्हेंलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी माधौगंज पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात डा. लोकेश ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके परिवार में पत्नी रीना, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। नन्हेलाल के भाई आशाराम ने कार चालक पर पंजीकरण के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि कार हरदोई शहर के निवासी संदीप कुमार वर्मा की है। इस पर विधायक लिखा होने की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में कार किसी विधायक के होने की पुष्टि नहीं हुई है।