कानपुर देहात। नगर में बेतरतीब दौड़ रहे ई-रिक्शा परेशानी का सबब बन रहे हैं। इनकी वजह से सड़क पर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी हुई है। जिम्मेदारों ने इनके खिलाफ एक दिन अभियान चलाया लेकिन दूसरे दिन ही स्थिति पहले जैसी हो गई है और चालक चौराहों व मुख्य मार्गों पर बीच सड़क रुककर सवारी बैठा और उतार रहे हैं। वहीं चालक ई-रिक्शा से सामान ढोने से भी नहीं बाज आ रहे हैं।
जनपद के परिवहन विभाग में 2215 ई-रिक्शा और 343 ई-कार्ट पंजीकृत हैं लेकिन सड़कों पर इनकी तादाद दो गुना से भी अधिक है। अवैध रूप से दौड़ रहे इन ई-रिक्शों के कारण मुख्य मार्गों और चौराहों पर हर समय जाम और दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। सबसे बड़ी बात सामान ढोने के लिए ई-कार्ट को अनुमति है लेकिन इनके स्थान पर सवारी बैठाने के लिए मान्य ई-रिक्शा से सामान ढोया जा रहा है।
इन वाहनों के चालक वाहन से कहीं अधिक वजन की सामग्री लाद लेते हैं। ऐसे में हल्का होने की वजह से यह कभी भी पलट सकते हैं। जिससे इनमें बैठी सवारी के अलावा पास से गुजर करे राहगीर को भी खतरा रहता है। यातायात पुलिस ने इसे लेकर एक दिन का अभियान चलाकर खानापूर्ति कर ली। उसके बाद स्थिति जस की तस है। शुक्रवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने पड़ताल की तो नगर के मुख्य मार्गों पर बीच सड़क पर रुककर ई-रिक्शा चालक सवारी बैठाते नजर आए। इसके अलावा कई चालक इनमें सामग्री लाद कर निकल रहे थे।