कानपुर। जरौली निवासी युवती ने हमीरपुर के युवक पर नौकरी लगवाने के नाम पर 6.60 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उसने गुजैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती ने बुधवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीसीपी साउथ आशीष श्रीवास्तव से मदद की गुहार लगाई थी। डीसीपी के आदेश पर गुजैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
जरौली फेज दो में रहने वाली श्वेता शुक्ला ने बताया कि हमीरपुर के ग्राम टेढ़ा सुमेरपुर निवासी पुष्पेंद्र अग्निहोत्री से उनकी जान पहचान है। पुष्पेंद्र ने ऊंची पहुंच का हवाला देकर बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये ले लिए। बताया कि जब कई माह बाद भी नौकरी नहीं लगी तो रुपये वापस मांगे।
रुपये न देने पर जुलाई में गुजैनी थाने में शिकायत की तो आरोपी ने एक लाख 40 हजार वापस किए। 19 दिसंबर को एसीपी नौबस्ता कार्यालय में समझौता हुआ था। हर माह की 25 तारीख को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। हालांकि आरोपी ने ऐसा नहीं किया। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।