समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा की कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक की हालत गंभीर देख वह सीएचसी से चलीं गईं। उरई में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। चिकासी थाने के टोला खंगारन गांव निवासी चंद्रप्रकाश अनुरागी (22) बाइक से कस्बे से गांव जा रहे थे।
नहर बाईपास से कुछ दूरी पर उसकी बाइक सामने से आ रही सपा नेत्री व विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा की कार से टकरा गई। युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बाइक व कार क्षतिग्रस्त हो गई। युवक को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। चंद्रवती वर्मा भी घायल के साथ सीएचसी पहुंचीं। सीएचसी अधीक्षक डॉ अरविंद यादव ने युवक की हालत नाजुक होने की बात कहते हुए मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने की बात सुनकर चंद्रवती वर्मा अस्पताल से चलीं गईं। परिजन युवक को उरई ले गए जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
युवक टोला खंगारन गांव में अपने नाना कालीचरन अनुरागी के यहां रहता था। अपनी पत्नी सीमा के साथ मजदूरी करता था। उनकी एक साल की बेटी है। वहीं सपा नेत्री चंद्रवती वर्मा ने कहा कि जराखर गांव में एक गमी से लौट रहीं थीं। बताया कि उनकी कार की रफ्तार सीमित थी और बाइक सवार खुद उनकी कार से टकरा गया। अस्पताल से जाने की बात पर उन्होंने कहा कि उनके परिजन घायल के साथ उरई गए थे। कोतवाल राकेश कुमार ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिली है। घायल के साथ एक गार्ड भेजा गया था। उन्होंने कहा कि युवक की मौत की अभी सूचना नहीं मिली है।
दुर्घटना के बाद कार से निकाला सपा का झंडा
अपने काफिले के साथ लौट रहीं सपा नेता चंद्रवती वर्मा की कार से बाइक की टक्कर होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कार में समाजवादी पार्टी का झंडा लगा था। जिसे दुर्घटना के बाद निकाल लिया गया। लोगों ने झंडा लगी कार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सपा नेता के काफिले में मौजूद गाड़ियों पर घायल युवक को सीएचसी नहीं ले जाया गया। राहगीरों ने पहले रिक्शे पर ले जाने का प्रयास किया। बाद में एंबुलेंस के पहुंचने पर उससे अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद कार से चंद्रवती वर्मा सीएचसी पहुंचीं।