हमीरपुर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव प्रभारी नैना देवी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। हमीरपुर के बमसन सेक्टर में बोहणी, गालियां, लंगवान और कल्लर कटोचां ग्राम केंद्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की कार्यप्रणाली का मुख्य उद्देश्य जनता के कल्याण से अधिक अपने मित्रों को लाभ पहुंचाना है। इससे प्रदेश का विकास और जनहित प्रभावित हो रहा है। सीएम सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनता की भलाई और उनकी समस्याओं के समाधान पर कोई ध्यान नहीं दिया है। मुख्यमंत्री के शपथ लेने के बाद से डेढ़ वर्ष का समय बीत चुका है, लेकिन उनकी चुनावी गारंटियों का कोई ठोस परिणाम देखने को नहीं मिला है।
सत्ता के आनंद में व्यस्त कांग्रेस सरकार : कटवाल
हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के डिंडवी टिक्कर ग्राम केंद्र पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में पार्टी नेतृत्व ने चार मतदान केंद्रों के कार्यकर्ताओं को आगामी उपचुनाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और चुनावी टिप्स दिए हैं। सम्मेलन में झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, सरकाघाट के विधायक दिलीप ठाकुर और पार्टी के प्रवक्ता एवं सेक्टर प्रमुख महेंद्र धर्माणी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर मतदान केंद्र पर पार्टी के पक्ष में बढ़त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने मतदान केंद्र के हर घर और हर मतदाता तक पहुंचना चाहिए और उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। सरकार का ध्यान जनता के वास्तविक मुद्दों पर नहीं है और वह केवल सत्ता के आनंद में लगी है।