कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बे से मौदहा की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने पटरी किनारे बकरी चरा रही महिला को कुचल दिया। घटना में महिला की ट्रक के पहियों के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हेल्पर के साथ ट्रक छोड़ कर मौके से भाग निकला।
विज्ञापन
कस्बे के इमिलिया थोक के वार्ड संख्या दो के निवासी बाबूलाल कुटार की पत्नी राजरानी (55) शनिवार को हाईवे किनारे बड़े पावर हाउस की बाउंड्रीवॉल के किनारे बकरियां चरा रही थीं। वह पटरी किनारे बैठी थीं। शाम करीब चार बजे कस्बे की तरफ से जा रहा बेकाबू ट्रक उनको कुचलता हुआ हाईवे के नीचे जा घुसा।
इससे पहियों के नीचे दबकर महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अनूप सिंह, कस्बा इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। हाइड्रा की मदद से ट्रक के पहियों के नीचे दबी महिला को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मृतका अपने पीछे पति बाबूलाल, पुत्र भूरा व विनोद, पुत्री कामिलि, श्यामली, सपना व रश्मि को रोता बिलखता छोड़ गई है। मृतका की तीन पुत्रियों का विवाह हो चुका है। दो पुत्र व एक पुत्री अविवाहित है। पूरा परिवार मजदूरी करता है।