हमीरपुर जिले के बिवांर कस्बा में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से फल की दुकान, होटल, कोल्डड्रिंक के गोदाम में आग लग गई। होटल में रखे तीन सिलिंडरों में एक के बाद एक हुए विस्फोट से स्थिति बेकाबू हो गई। आग बुझाने के लिए कस्बे में खड़ी रहने वाली फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ी को धक्का देकर घटना स्थल पर लाया गया, लेकिन स्थिति संभालना मुश्किल हो गया।
जिला मुख्यालय से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी भेजकर आग पर काबू पाया गया। बुधवार देर रात बिवांर कस्बे के बांधुर तिराहा में रामाधार साहू सहित दो लोगों की फल की दुकानें हैं। बगल में रामअवतार कुशवाहा का चाय-पान का होटल है और इससे सटा हुआ लोकेंद्र सिंह का कोल्डड्रिंक का गोदाम है। आग की शुरुआत देर रात रामाधार साहू की दुकान से हुई।