हमीरपुर जिले में मौदहा कस्बे के पिपरौंदा रोड में मंगलवार को उपरौस मोहल्ला निवासी बाइक मिस्त्री की अज्ञात लोगों ने गला रेत कर हत्या कर दी। शव सड़क किनारे फेंक दिया। घटना स्थल पुलिस अधिकारी फील्ड यूनिट के साथ मौके पर जांच में जुटे हैं। भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौदहा के उपरौस निवासी मृतक युसूफ (25) के भाई मो.जावेद ने बताया कि वह बाइक मिस्त्री का काम करता था। पिछले 10 अक्तूबर को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। तबसे घर नहीं लौटा।
कहा कि थाने पर कोई सूचना नहीं दी बल्कि खुद ही ढूढ़ने का प्रयास कर रहे थे। बताया कि अज्ञात लोगों ने गला रेत कर हत्या कर शव को कस्बे से करीब तीन किमी दूर सड़क किनारे फेंक दिया। रात में शव के पड़े होने की सूचना पर पुलिस गई लेकिन रात के अंधेरे में शव नहीं मिला।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने हत्या में दो-तीन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला अज्ञात के विरुद्ध दर्ज किया है। मृतक युसूफ के पिता पप्पू ने 10 दिन पूर्व जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।