हमीरपुर में जिला कारागार में निरुद्ध बंदी ने कारागार की पाकशाला में रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। कारागार प्रशासन ने फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कारागार प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी है। वहीं कारागार प्रशासन आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहा है।
जिला कारागार में कुरारा थाना क्षेत्र के सिवनी गांव निवासी बंदी नफीस उर्फ पप्पू (50) पुत्र हबीब हत्या के मामले में साल 2019 से निरुद्ध था। बृहस्पतिवार को उसने कारागार की पाकशाला में रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। जिला अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सीएस गुप्ता ने मृत घोषित कर दिया। जेलर केपी चंदीला ने बताया कि पाकशाला में बंदी को फंदे से उतारकर अस्पताल भेजा गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना भेज दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।