भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बिरखेरा गांव में सुबह घर के बाहर पड़ी मिट्टी हटाने को लेकर हुए विवाद में जमकर लाठियां चटकीं। हमले में घायल हुए वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने दो भाइयों समेत चार पर पहलेे मारपीट और फिर गैर इरादतन हत्या में मामला दर्जकर जांच शुरू की है।
विज्ञापन
बिरखेरा निवासी रामपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता गोपी पाल (85) ने सोमवार सुबह 6:30 बजे घर के सामने पड़ी मिट्टी को हटाने के लिए पड़ोसी मूलचंद पाल से कहा था। इस बात से आग बबूला मूलचंद पाल ने अपने भाई सदासुख, उदित, जयकरन के साथ मिलकर गाली गलौज करते हुए लाठियों से हमला कर दिया। रामपाल की पत्नी तेजकुमार उन्हें बचाने दौड़ी तो उसे भी घर में घुसकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गोपी पाल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के अनुसार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश की जा रही है।