हमीरपुर के मौदहा में टायर व्यापारी पर हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर फायरिंग कर आरोपी भाग गए। पुलिस ने कार्रवाई में बाधा डालने पर आरोपी की मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीते शुक्रवार की शाम नगर में स्थित त्रिमूर्ति टायर्स शोरूम में महेंद्र यादव समेत चार युवक पहुंचे और शोरूम मालिक अंकित शिवहरे से उधार टायर न देने पर बहस करने के अलावा रंगदारी मांगी। जिसका विरोध करने पर महेंद्र ने तमंचे से फायर झोंक दिया।
जिसमें अंकित बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी महेंद्र समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शनिवार की देर रात पुलिस आरोपियों की तलाश में दविश दी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी महेंद्र घर में है।
जिस पर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार करने का प्रयास किया। तभी आरोपी महेंद्र पुलिस पर फायरिंग कर छत से कूदकर भाग निकला। हालांकि इस घटना के बाद सीओ रविप्रकाश समेत अन्य थानों की पुलिस ने रमना पहुंच आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, मगर सफल नहीं हुए।
मामले में पुलिस ने आरोपी की मां ममता यादव पत्नी मुन्ना यादव पर आरोपी को बचाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा है। जबकि आरोपी महेंद्र व उसके भाई भूपेंद्र की तलाश तेज कर दी है।