हमीरपुर जिले में गोहांड कस्बे के गांधी इंटर कॉलेज में इंटर मीडिएट का प्रैक्टिकल देने आए चिकासी के वृंदावन एकेडमी व दीनदयाल उपाध्याय कॉलेज के छात्रों का आपस में विवाद हो गया। इसको लेकर कॉलेज के बाहर आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के सामने छात्रों के दो गुटों के बीच फायरिंग व पत्थरबाजी हो गई।
गोलियों की आवाज गूंजने से मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आरोपी छात्र मौके से भाग निकला। पुलिस कुछ छात्रों को पकड़कर गोहांड पुलिस चौकी ले गई। गोहांड के गांधी इंटर कॉलेज में सोमवार को इंटरमीडिएट के रसायन, भौतिकी व जीव विज्ञान के प्रैक्टिकल चल रहे हैं।
इस कॉलेज में चिकासी के बृंदावन एकेडमी व दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय के छात्रो का सेंटर बनाया गया है। प्रैक्टिकल शुरू होने से पहले विद्यालय के बाहर बैंक के सामने कुछ लड़के आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी व गोलियों की आवाज गूंजने लगी।