हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र नेशनल हाईवे-34 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे फैक्टरी एरिया पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक और दुग्ध के वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दुग्ध वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा डंपर महोबा से कानपुर की ओर जा रहा था। वहीं, दुग्ध वाहन माती, कानपुर देहात से महोबा की तरफ आ रहा था। फैक्टरी एरिया पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक के दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुग्ध वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन चालक अनिल कुमार पुत्र बलवान दास निवासी भोगनीपुर कबरपुर कानपुर देहात गंभीर रूप से घायल हो गया।