कानपुर। अब जाम में फंसने पर भी लोग यूपी 112 डायल कर पुलिस को बुलाने लगे हैं। यह खुलासा यूपी 112 में अगस्त माह में आई शिकायतों के आकलन से हुआ है। महीने भर में कुल 21,178 शिकायतें आई हैं। हालांकि इनमें से आधे से अधिक फर्जी भी निकलीं।
एक माह में लड़ाई झगड़े की 5,715 और घरेलू हिंसा की 3516 शिकायतें आईं। इसी तरह हत्या के प्रयास की 2240, चोरी की 1291, दुर्घटना की 912, संपत्ति विवाद की 504, यातायात जाम की 380 कॉल आई थीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इनमें से आधे से अधिक फर्जी कॉल रहती है या तो वहां पहुंचने पर कोई मिलता नहीं है। हालांकि पुलिस का रिस्पांस टाइम पहले से बेहतर हुआ है। महिलाओं से संबंधित अपराध की 904, डकैती की 272 शिकायतें आई थीं।
यूपी 112 के पोर्टल पर कमिश्नरी कानपुर की अगस्त की नौवीं रैंक आई है। पीआरवी वाहनों का रिस्पांस टाइम 5:32 मिनट रहा जबकि ग्रामीण क्षेत्रों का रिस्पांस टाइम 9:02 मिनट रहा। ओवर ऑल रिस्पांस टाइम 6:31 मिनट रिकार्ड हुआ है। सितंबर में अब तक शहरी क्षेत्र का रिस्पांस टाइम 5:38 मिनट, ग्रामीण क्षेत्रों का 10:18, ओवर ऑल 7:03 मिनट रहा।