ग्वालटोली में दिनभर बिजली गुल रहने से भीड़ ने बुधवार रात को सबस्टेशन पर धावा बोलकर तोड़फोड़-पथराव किया। लोगों का गुस्सा देख कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। बाद में पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा।
हंगामे के कुछ देर बाद ही इलाके की लाइट चालू कर दी गई। वहां पेड़ गिरने से तीन पोल टूट गए थे और दिनभर बिजली नहीं रही। लोगों ने शाम सात बजे यहां हंगामा किया तो बिजली चालू कर दी गई लेकिन 30 मिनट बाद फिर चली गई।
गुस्साए लोग करीब 10 बजे सबस्टेशन पर पहुंचे और हमला बोलकर वहां मेज व कुर्सियां पलटाने के साथ सामान तहस-नहस कर दिया।
शहर में बुधवार को इस सीजन की सबसे ज्यादा पांच घंटे रिकार्ड कटौती हुई। कई स्थानों पर फाल्ट से 10 से 15 घंटे तक बिजली नहीं रही। पांच ट्रांसफार्मर फुंक गए। मंगलवार की रात में 12:15 से 2:15 बजे तक बिजली कटौती से पूरे शहर में अंधेरा कायम हो गया।
इसके बाद बुधवार सुबह 5:55 से 7:05 बजे तक और दोपहर में एक से तीन बजे तक बिजली कटौती की गई। ग्वालटोली सब स्टेशन के फीडर नंबर 77 की लाइन पर पेड़ गिरने से तीन पोल टूट गए। सूटरगंज, ग्वालटोली, चुन्नीगंज और रूपम चौराहे की बिजली सुबह 4:30 बजे बंद हो गई।
सूटरगंज और ग्वालटोली की बिजली सुबह 8:35 बजे चालू हो गई लेकिन चुन्नीगंज और रूपम चौराहे की बिजली आठ बजे तक नहीं आई। आरपीएच न्यू सबस्टेशन के फीडर में फाल्ट से परमट में सुबह 8:50 से शाम सात बजे तक बिजली नहीं रही।
नवीननगर सबस्टेशन के फीडर में लाइन खराबी से काकादेव और रावतपुर की बिजली दोपहर 2:35 से 3:45 बजे तक नहीं रही। हैलट सब स्टेशन के पामकोर्ट फीडर में स्वरूप नगर में दोपहर 12:35 से दो बजे तक बत्ती गुल रही। दामोदर नगर में सुबह 9:25 से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं हुई।
शिवाजी नगर में दोपहर 2:30 से 4:35 बजे तक बत्ती गुल रही। तुलसी विहार, परमपुरवा धर्मकांटा, गांधीनगर, बिठूर के बाबली कुंआ और आफीसर कालोनी रावतपुर का ट्रांसफार्मर फुंकने से 10 से 15 घंटे तक बिजली नहीं रही।
हैलट की बिजली फिर गुल, तड़पे मरीज
कानपुर। हैलट की बिजली बुधवार दोपहर फिर गुल हो गई। तकरीबन चार घंटे बाद आई। तब तक मरीज गर्मी से बेहाल होकर तड़पते रहे। अस्पताल के एसआईसी डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि कुछ दिनों पहले हैलट को पनकी से मिलने वाली सीधी सप्लाई को रोक दिया गया है। बृजेंद्र स्वरूप पार्क से बिजली सप्लाई मिलने के कारण दिक्कत हो रही है।
विभाग ने इसकी जानकारी भी नहीं दी थी। अब पता चला है। दो-तीन दिन में केस्को एमडी से मुलाकात कर समस्या के समाधान पर चर्चा की जाएगी।
हैलट में रविवार से ही बिजली की दिक्कत है। लगातार तीन दिनों से दोपहर में बिजली गुल हो रही है। घंटों बाद ही आती है। अस्पताल में लगे जेनरेटर लोड नहीं उठा पा रहे हैं इसलिए आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर और इक्का-दुक्का वार्डों में ही सप्लाई दी जा पा रही है। बुधवार दोपहर एक बजे अचानक बिजली चली गई। फिर शाम तकरीबन पांच बजे आई।