कानपुर। नेपाल की राजधानी काठमांडू में 16 से 19 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय चतुर्थ माउंट एवरेस्ट कप (जी-1) तथा द्वितीय जीसीएस पूमसे जी-1 ताइक्वांडो प्रतियोगिता होगी। इसमें कानपुर के दो खिलाड़ी गुरुशा त्रिपाठी और प्रणव ओझा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन ऐतिहासिक दशरथ रंगशाला में होगा। विश्व ताइक्वांडो रैंकिंग (जी-1) श्रेणी की इस स्पर्धा में कई देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में सहभागिता खिलाड़ियों के अनुभव और विश्व रैंकिंग में बढ़ोतरी के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के कार्यवाहक सचिव सतीश कुमार ने बताया कि दोनों खिलाड़ी अपने प्रशिक्षक बासुकी नाथ ओझा के निर्देशन में कड़ी तैयारी कर रहे हैं। इस अवसर पर कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के महासचिव तुषाल साहनी, उपाध्यक्ष रोमी सिंह, कोषाध्यक्ष सविता सिंह, कोच उदय प्रताप, अनूप कुमार, अरविंद शर्मा, दानिश खान, नितिन, अश्विन अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।