गुलाबी गैंग ने दरोगा के खिलाफ की नारेबाजी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के महोबा जिले में कोतवाली के एक दरोगा द्वारा एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को किशोरी को न्याय दिलाने के लिए गुलाबी गैंग की महिलाएं सड़क पर उतर आईं और जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही दरोगा के खिलाफ नारेबाजी भी की।
गुरुवार को गुलाबी गैंग की जिला कमांडर फरीदा बेगम के नेतृत्व में मिलकीपुरा से गुलाबी साड़ी में महिलाओं ने जुलूस निकाला। जो ऊदल चौक, सराफा चौराहा, छजमनपुरा तिराहा होता हुआ कोतवाली पहुंचा। जहां पर महिलाओं ने कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा काटा। साथ ही दरोगा के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजे जाने की मांग की। महिलाओं ने कोतवाली परिसर में ही जमकर नारेबाजी की।
जिला कमांडर फरीदा बेगम ने कोतवाली प्रभारी अमित भड़ाना से किशोरी को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किशोरी को न्याय नहीं मिला तो गुलाबी गैंग शांत नहीं बैठेगी। एक घंटे तक कोतवाली में हंगामा मरने के बाद कोतवाली प्रभारी ने गुलाबी गैंग की कमांडर को समझाया और बताया कि दरोगा के खिलाफ जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।