कानपुर। स्वरूपनगर में फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) की चोरी राज्यकर विभाग ने पकड़ी है। मामले में स्वरूपनगर थाने में सहायक आयुक्त राज्यकर ने राहुल ट्रेडर्स के संचालक राहुल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सहायक आयुक्त विअनुशा राज्यकर कविता श्रीवास्तव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि राहुल ट्रेडर्स के मालिक राहुल ने फर्जी तरीके से जीएसटी पंजीकरण कराकर बिना व्यापार किए करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया। जांच में सामने आया कि फर्म ने वर्ष 2025-26 में लगभग 8.14 करोड़ रुपये की खरीद ई-वे बिल से दिखाई, जबकि आउटवर्ड सप्लाई 25.29 करोड़ रुपये दर्शाकर टैक्स सेटऑफ का लाभ लिया गया। यह भी पाया गया कि वर्ष 2024-25 में जीएसटीआर-2बी में दर्शाए गए करीब 41 लाख रुपये के मुकाबले जीएसटीआर-3बी में 1.66 करोड़ रुपये से अधिक का आईटीसी क्लेम किया गया। सरकार को लगभग 3.10 करोड़ रुपये के राजस्व की क्षति पहुंचाई गई। जांच टीम जब स्वरूप नगर स्थित फर्म के घोषित पते पर पहुंची तो वहां कोई व्यापारिक गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद मामले में तहरीर दी गई। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसी तरह एक और मामले में स्वरूपनगर में फर्जी फर्म बनाकर 1.18 करोड़ की जीएसटी चोरी करने की घटना में सहायक राज्यकर आयुक्त विअनुशा अतुल ने विजयनगर निवासी सनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि स्वरूपनगर स्थित पते पर विभागीय टीम ने जब मौके पर जांच की तो वहां कोई व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं मिली।