जीएसटी लागू होने के एक पखवारे बाद भी जीएसटी से जुड़े अधिकारियों के लॉगिन आईडी व पासवर्ड न आने के कारण जीएसटी के नए पंजीयन सहित अन्य कोई भी कार्य नहीं हो पा रहे है। इससे व्यापारी परेशान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ये समस्या बरकरार है। महोबा जिले के व्यापार मंडल के बनवारीलाल गुप्ता ने बताया कि वाणिज्यकर से जुड़े अधिकारियों के लॉगिन पासवर्ड वैट अधिनियम के तहत 30 जून 2017 तक वैध थे। जीएसटी लागू होने के कारण उनके पासवर्ड निरस्त हो गए।
इसके बाद जीएसटी के पासवर्ड शासन ने जारी नहीं किए। इससे जीएसटी से जुड़ा कोई भी ऑनलाइन कार्य नहीं हो पा रहा है। उधर, जिले में जीएसटी कार्यों का क्रियान्वयन करा रहे नोडल अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि दो तीन दिन के अंदर पासवर्ड आ जाएंगे। शासन स्तर पर साफ्टवेयर अपलोड किया जा रहा है।