अपराधी कितने बेखौफ हैं इसकी एक बानगी उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में देखने को मिली। आम आदमी की बात छोड़िए यहां अधिकारी भी महफूज नहीं हैं। चोरों ने मोहल्ला हिरन नगर स्थित जीएसटी कार्यालय के बाहर खड़ी जीएसटी डिप्टी कमिशभनर की सरकारी गाड़ी चोरों ने पार कर दी। फील्ड पर जाने के लिए वह कार्यालय से बाहर निकले तब इसका पता चला। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर गाड़ी ले जाते दिखा है।
जीएसटी डिप्टी कमिशभनर आशीष निरंजन की सरकारी गाड़ी टाटा सूमो गोल्ड कार्यालय के बाहर खड़ी थी। दोपहर को चोरों ने गाड़ी पार कर दी। आशीष जब फील्ड पर जाने के लिए कार्यालय से बाहर आए तो गाड़ी नहीं दिखी। अस्पताल चौकी इंचार्ज रामजीत यादव मौके पर पहुंचे और जांच की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक युवक नजर आया है। जीएसटी डिप्टी कमिशभनर की तहरीर पर वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। करीब छह महीने पहले चोरों ने हसनगंज एसडीएम की सरकारी गाड़ी पीडी नगर से पार कर दी थी। गाड़ी का आज तक पता नहीं लग सका। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश कराई जा रही है।