कानपुर। दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ए टीम का भारत दौरा सितंबर मध्य में शुरू होगा। बीसीसीआई की ओर से मुकाबलों की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को सौंपी गई है।
दो चार दिवसीय मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम और तीन वनडे मैच कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में होंगे। ग्रीनपार्क में मुकाबलों की तैयारियां अगले महीने से प्रारंभ हो जाएंगी।यूपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया वनडे दौरा ग्रीनपार्क स्टेडियम के लिए संजीवनी का काम करेगा।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में अंतिम वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच 29 अक्तूबर 2017 को भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। इसके बाद से अभी तक कोई भी वनडे मैच यहां नहीं हुआ है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया ए के साथ भारत ए की होने वाली सीरीज ग्रीनपार्क के लिए भी काफी अहम होगी। यहां अंतिम अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच 27 सितंबर से एक अक्तूबर 2024 तक भारत बनाम बांग्लादेश के बीच खेला गया था।
उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया टीम के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली खुद क्रिकेटर हैं। इसलिए उन्होंने भारतीय स्थितियों के अनुसार टीम का चयन किया है। उन्होंने ग्रीनपार्क में होने वाले तीन वनडे मैचों के लिए हैरी डिक्सन, सैम इलियट, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, मैकेंजी हार्वे, तनवीर संघा, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड और कैलम विडलर को चुना है।
भारत ए के खिलाफ आस्ट्रेलिया ए की टीम
चार दिवसीय मैचों के लिए- जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, आरोन हार्डी, कैंपबेल केलावे, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लांस मॉरिस, टॉड मर्फी, फर्गस ओ नील, ओलिवर पीक, जोश फिलिप, कोरी रोचिचियोली, लियाम स्कॉट।
वनडे टीम के लिए-कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, सैम इलियट, जैक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, मैकेंजी हार्वे, टॉड मर्फी, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड, कैलम विडलर।
दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की तारीख
16-19 सितंबर : पहला चार दिवसीय मैच, इकाना स्टेडियम, लखनऊ
23-26 सितंबर : दूसरा चार दिवसीय मैच, इकाना स्टेडियम, लखनऊ
30 सितंबर : पहला वनडे मैच, ग्रीनपार्क, कानपुर
तीन अक्टूबर : दूसरा वनडे मैच, ग्रीनपार्क, कानपुर
पांच अक्टूबर : तीसरा वनडे मैच, ग्रीनपार्क, कानपुर