कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत स्टेडियम में कुछ मैचों का किराया कम किया गया है। पहले जहां यूपी टी-20 लीग के लिए प्रति मैच लगभग 33 लाख रुपये किराया लिया जाता था, वहीं अब इसे घटाकर 2.50 लाख रुपये किया गया है। मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में ग्रीनपार्क स्टेडियम के उपयोग संबंधी संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले से स्टेडियम में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार पहले ही ग्रीनपार्क के विकास के लिए करीब 350 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर चुकी है। अब किराया कम होने के बाद यहां प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। नए निर्णय के अनुसार प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत आयोजित यूपी टी-20 लीग के लिए प्रति मैच 2.50 लाख रुपये किराया तय किया गया है। वहीं भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए जैसी द्वितीय श्रेणी की अंतरराष्ट्रीय टीमों के मुकाबलों के लिए पांच लाख रुपये प्रति मैच किराया निर्धारित किया गया है। साथ ही हर पांच वर्ष में इस किराए में 25 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान भी रखा गया है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय टी-20, वनडे और टेस्ट मैचों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वर्ष 2023 में यूपीसीए की ओर से शुरू की गई यूपी टी-20 लीग का पहला सत्र ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित किया गया था, जिसमें कुल 33 मैच खेले गए थे। उस समय खेल विभाग की ओर से प्रति मैच लगभग 33 लाख रुपये किराया निर्धारित किया गया था। इस हिसाब से कुल किराया 10 करोड़ रुपये से अधिक हुआ था, जिसे लेकर यूपीसीए ने प्रदेश सरकार से पुनर्विचार की मांग की थी। इसके बाद सरकार ने पूरे मामले की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की थी, जिसमें कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। अंतिम निर्णय आने तक यूपीसीए ने एक करोड़ रुपये जमा भी करा दिए थे।
समिति ने अपने प्रस्ताव में यूपी टी-20 लीग के लिए प्रति मैच एक लाख रुपये और द्वितीय श्रेणी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए पांच लाख रुपये किराया तय करने की सिफारिश की थी। हालांकि कैबिनेट ने इसमें संशोधन करते हुए यूपी टी-20 लीग और द्वितीय श्रेणी अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए नया किराया तय करते हुए इसे मंजूरी दे दी है।
इस फैसले के बाद ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के आयोजन की संभावनाएं और भी मजबूत हो गई हैं। दरअसल किराया तय न होने के कारण यूपीसीए ने पिछले दो सत्र लखनऊ में आयोजित किए थे, जहां प्रति मैच लगभग सात लाख रुपये देना पड़ता था। वहीं, नए फैसले के अनुसार यदि पहले सत्र में खेले गए 33 मैचों का हिसाब लगाया जाए तो कुल किराया 82.50 लाख रुपये बनता है, जबकि यूपीसीए पहले ही एक करोड़ रुपये जमा करा चुका है। इस प्रकार 17.50 लाख रुपये अतिरिक्त जमा माने जाएंगे।
वर्जन:::
प्रदेश सरकार का फैसला ग्रीनपार्क में खेल गतिविधियां बढ़ाने वाला है। किराया कम होने से ग्रीनपार्क में यूपी टी-20 लीग के आगामी सत्र के साथ ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता साफ होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का हार्दिक आभार है। - डॉ. संजय कपूर, चेयरमैन यूपी टी-20 लीग।