एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को कानपुर के 26 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो जाएगा। शिक्षक सीट पर 13 और स्नातक सीट पर 13 प्रत्याशी मैदान में है। गुरुवार को पॉलीटेक्निक से जिले के पोलिंग स्टेशनों के लिए पार्टियां रवाना कर दी गईं। शुक्रवार को सुबह आठ से लेकर शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी।
कमिश्नर मो. इफ्तिखारुद्दीन ने बताया कि पोलिंग सेंटर में वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतदान स्थल से दो सौ मीटर की परिधि तक केवल वोटर, संबंधित कर्मचारी और अधिकारी ही मौजूद रह सकेंगे। बाकी लोग उस परिधि से बाहर रहेंगे। यदि किसी कारणवश किसी का मकान उस परिधि के बीच में है तो उस मकान में रहने वाले लोग बिल्डिंग के अंदर ही रहें। बहुत जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें। उम्मीदवार और उनके सहायक को ही एक गाड़ी की परमीशन रहेगी। अन्य कोई वाहन अगर प्रत्याशी या उसके सहायक ने प्रयोग किया तो कार्रवाई होगी। वोटर अपने वाहनों से वोट डालने जा सकते हैं। नि:शक्तजनों को मतदान स्थल तक अपना वाहन ले जाने की छूट रहेगी।
वोटर आईडी न होने पर आठ विकल्प
अगर किसी वोटर के पास वोटर आईडी नहीं है और उसका नाम वोटर लिस्ट में है तो चुनाव आयोग ने उसे वोट डालने के लिए आठ विकल्प दिए हैं। वोटर आईडी न होने पर पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, शैक्षिक संस्थानों द्वारा स्नातकों या परास्नातकों को जारी आईडी, विश्वविद्यालय द्वारा जारी असली डिग्री, केंद्र, राज्य सरकार और प्राइवेट संस्थानों द्वारा जारी आईडी, सांसद, विधायक और एमएलसी को जारी आईडी कार्ड से वोट डाले जा सकेंगे।
ये प्रत्याशी मैदान में
स्नातक एमएलसी- अरुण पाठक भाजपा, मानवेंद्र स्वरूप, अरुण कुमार पाठक, आशीष कुमार पांडेय, जय प्रकाश साहू, तारिक रहमान, दीप कुमार शुक्ला, नकी हैदर, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डॉ. महादेव, माया कौशल, राम भरत, विवेक कटियार
शिक्षक एमएलसी- राजबहादुर सिंह चंदेल, रामवीर सिंह यादव सपा, श्रीकांत द्विवेदी, हरिश्चंद्र दीक्षित, हेमराज सिंह गौर, ओम प्रकाश, ओम प्रकाश बागी, कुलदीप सिंह, दिनेश कुमार गुप्ता, रामशंकर, मुन्ना मिश्रा, राजेश कुमार गौतम, विजय सिंह यादव, सद्गुरु प्रसाद मिश्र।