बेबाक बयानबाजी के लिए अलग पहचान रखने वाले गोपामऊ के भाजपा विधायक श्याम प्रकाश रविवार को अपनी एक फेसबुक पोस्ट के चलते फिर सुर्खियों में आ गए। दरअसल रविवार को विधायक श्याम प्रकाश के ब्लाक प्रमुख पुत्र रवि प्रकाश का जन्मदिन था। इस मौके पर फेसबुक पोस्ट पर दी गई बधाई के साथ ही विधायक ने पार्टी नेतृत्व से अनुरोध कर डाला कि विधानसभा चुनाव में उनकी जगह पार्टी उनके पुत्र को प्रत्याशी बनाए।
इस पोस्ट के बाद जिले की सियासत में उथल पुथल मच गई। जनहित और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अफसरों को आए दिन अपनी फेसबुक पोस्ट से घेरने वाले भाजपा विधायक श्याम प्रकाश को भाजपा से टिकट मिलने को लेकर पिछले कुछ दिनों से उहापोह की स्थिति बनी हुई है।
हालांकि भाजपा में लगभग सभी प्रत्याशियों को लेकर अभी चयन प्रक्रिया ही चल रही है, लेकिन श्याम प्रकाश ने रविवार को अपनी फेसबुक पोस्ट से एक नया दांव खेल दिया। विधायक श्याम प्रकाश के पुत्र रवि प्रकाश टडिय़ावां के ब्लाक प्रमुख हैं।