फर्रुखाबाद में ई-वे बिल में एक करोड़ की हेराफेरी की जांच करने को तंबाकू गोदाम पर जीएसटी का छापा पड़ा। वहां माल का स्टॉक चेक करने पर दो फर्मों का 49 लाख 30 हजार का माल मिला, लेकिन तंबाकू व्यापारी स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा सके। टीम ने पूरा माल सीज कर दिया है। जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर हरिलाल प्रजापति ने बताया इन दोनों फर्मों से आंध्र प्रदेश व गुजरात एसी जेड कंपनी को एक करोड़ से अधिक का माल सप्लाई किया गया है।
उसका ई-वे बिल विभाग के पोर्टल पर नहीं दिख रहा है। नगर के मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा निवासी राजेश अग्रवाल की नगर के बाईपास रोड पर तंबाकू का गोदाम है। यहां इनकी महेश टुबैको कंपनी व अग्रवाल टुबैको कंपनी का काम होता है। इनके इस गोदाम पर गुरुवार दोपहर को जीएसटी इटावा क्षेत्र के ज्वाइंट कमिश्नर एचएल प्रजापति, डिप्टी कमिश्नर रमाशंकर व फतेहगढ़ के सहायक आयुक्त विजय त्रिपाठी, चरन सिंह की टीम ने छापा मारा।