अंतरराष्ट्रीय बाजार में उथल-पुथल, कच्चे तेल और डॉलर की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच शुक्रवार को सोने-चांदी के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई। चांदी सात हजार रुपये प्रति किलो सस्ती होकर 1.90 लाख रुपये पर आ गई। वहीं, सोने की कीमत में 1500 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई और भाव 1,44,500 रुपये रह गया। इससे ग्राहकों में खुशी है, जबकि निवेशकों और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा है।
बृहस्पतिवार को चांदी 1.97 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा के मुताबिक अमेरिकी डॉलर के बॉन्ड जारी करने और वापसी पर ब्याज मिलने की योजना का अंतरराष्ट्रीय बाजार पर असर पड़ा है। वैश्विक उथल-पुथल और कच्चे तेल व डॉलर की कीमतों में तेजी से कीमती धातुओं के भाव गिरे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दिवाली और धनतेरस से पहले कीमतें घटने से बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। वहीं ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि तेजी की उम्मीद में स्टॉक करने वाले कारोबारियों को अब नुकसान हो रहा है। आगे भी कीमतों में गिरावट की आशंका है।