सोना-चांदी के दाम में लगातार तेजी चल रही है। चांदी ने दो सप्ताह में छह प्रतिशत, सोने ने पांच प्रतिशत से ज्यादा और शेयर बाजार ने दो प्रतिशत का रिटर्न दिया है। चांदी में निवेश करने वालों ने सबसे ज्यादा कमाया है। वहीं, शनिवार को सोना के दाम 87100 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। दो सप्ताह में सोने के भाव पांच लाख रुपये प्रति किलो के करीब बढ़ गए हैं। इसी तरह चांदी भी चमक बिखेर रही है। हालांकि भाव में कुछ कमी आई है। इसके भाव प्रति किलो 97,600 रुपये हो गए।
पिछले साल जुलाई में आए आम बजट में सरकार ने सोने के आयात शुल्क में नाै प्रतिशत की कमी कर दी थी। इसके बाद 15 प्रतिशत लगने वाला आयात शुल्क घटकर छह प्रतिशत हो गया था। सोने के दामों में 10 प्रतिशत तक की गिरावट आ गई थी। इस दौरान लोगों ने बड़े पैमाने पर सोने की खरीदारी की। अब सोने के दाम नए शिखर पर हैं, और चांदी भी आगे बढ़ रही है।
निवेशकों का सोने-चांदी में बढ़ता जा रहा है रुझान
उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि 22 जनवरी को चांदी 93600 रुपये किलो थी। इसी तरह सोना 82150 रुपये प्रति दस ग्राम था। दो सप्ताह पहले यदि किसी ने एक लाख रुपये की चांदी खरीदी, तो उसे छह हजार रुपये का लाभ हुआ। इसी तरह एक लाख रुपये का सोना खरीदने वालों को 4950 रुपये का फायदा हुआ। इतने कम समय में इससे ज्यादा रिटर्न किसी में भी नहीं मिला है। निवेशकों का लगातार सोने-चांदी में रुझान बढ़ता जा रहा है।
ट्रंप की नीतियों से चांदी उत्पादक देशों में हलचल
उन्होंने बताया कि ट्रंप ने चीन, मैक्सिको, कनाड़ा पर टैरिफ लगाया है। इसके उलट चीन ने भी टैरिफ की घोषणा की है। ट्रंप डॉलर को मजबूत रखना चाहते हैं। टैरिफ लगने से सोने-चांदी के दामों में तेजी आ गई है। अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार में भी सोने का प्रीमियम बढ़ता जा रहा है। रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। ट्रंप की नीतियों से चांदी उत्पादक देशों में हलचल है।
सेंसेक्स 1670 अंक बढ़ा
निवेश मामलों के जानकार राजीव सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को सेंसेक्स 76190 अंक पर था। सात फरवरी को सेंसेक्स 77860 अंक पर बंद हुआ था। इस अवधि में सेंसेक्स 1670 अंक बढ़ा। इसी तरह इस दौरान निफ्टी में 468 अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली। 24 जनवरी को निफ्टी 23092 अंक पर था। सात फरवरी को निफ्टी 23560 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी में 2.02 प्रतिशत और सेंसेक्स में 2.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
आगे भी तेजी की संभावना है
पिछले दो हफ्तों में निफ्टी और सेंसेक्स में करीब दो फ़ीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। निवेशक ने यदि निफ्टी या सेंसेक्स के ईटीएफ में म्यूचुअल फंड के जरिये निवेश किया तो करीब दो प्रतिशत का रिटर्न मिला। इसके मायने हैं कि पांच लाख का निवेश करने पर इस अवधि में 10 हजार रुपये बढ़े, जबकि चांदी और सोने ने इससे कहीं ज्यादा रिटर्न दिया। उन्होंने बताया कि ट्रंप की ओर से शुरू किए गए ट्रेड वार और अब गाजा पट्टी पर की गई घोषणा से भाव बढ़ रहे हैं। आगे भी तेजी की संभावना है।