कानपुर। स्व. नागेंद्र स्वरूप स्मारक अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जीएम इलेवन और पीएसी नर्सरी की टीमें भिड़ेंगी। बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में जीएम इलेवन ने अजहर इलेवन को 11 रन से हराया। दूसरे मैच में पीएसी नर्सरी इलेवन ने एनटीसी अकादमी इलेवन को एक रन से मात दी।
फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में जीएम इलेवन ने 20 ओवर में छह विकेट पर 120 रन बनाए। शिवांश ने 17 व मुदस्सर ने 12 रन बनाए। ऋषि गुप्ता ने चार व आरव ने तीन को आउट किया। जवाब में अजहर इलेवन की टीम 20 ओवर में 109 रन पर ऑल आउट हो गई। विवान गुप्ता ने 27 रन बनाए। सक्षम, विराज व शुभांशु ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। प्लेयर ऑफ द मैच शिवांश को चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में पीएसी नर्सरी इलेवन ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 113 का स्कोर बनाया। रितेश ने 31, नमन ने 26 रन की पारी खेली। कार्तिक ने पांच, आदित्य ने तीन को आउट किया। जवाब में एनटीसी अकादमी की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 112 रन ही बना सकी। रुद्र ने 40 और सोम ने 36 रन बनाए। लव प्रताप ने दो, नमन व उत्कर्ष ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच नमन को चुना गया।