कांग्रेस जिलाध्यक्ष की युवतियों ने सरेराह की थी पिटाई
- फोटो : amar ujala
जालौन जिले के उरई में युवतियों से छेड़खानी और मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोपी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सोमवार शाम को न्यायालय में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई।
महिला कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी ने एक युवती के साथ मिलकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा की रविवार दोपहर स्टेशन रोड पर चप्पलों से पिटाई कर दी थी। युवतियों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ कोतवाली में छेड़खानी, मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक बातें करने और आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी।
एक युवती ने पिटाई का वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया था। इंस्पेक्टर सुधाकर ने बताया कि धारा 354 (क) और (घ) में मुकदमा दर्ज कर अनुज मिश्रा को देर रात गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार शाम उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
अनुज के वकील सैय्यद यूसुफ इश्तियाक ने बताया कि न्यायालय से जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा को जमानत मिल गई है। कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी और यूथ कांग्रेस के पूर्व महासचिव अमित पांडे ने भी जमानत मिलने की पुष्टि की है।
साढ़े तीन लाख का है लेनदेन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा ने बताया कि युवतियों ने उनसे सीमेंट, सरिया आदि बिल्डिंग मैटेरियल लिया था। इसका करीब साढ़े तीन लाख रुपया बकाया है। यही रुपये वह युवतियों से मांग रहे थे। रुपये देने के बहाने बुलाकर पिटाई शुरू कर दी और वीडियो बना लिया।