फतेहपुर जिले के अल्लीपुर में प्रेमिका ने दूसरी शादी रचाने पहुंचे प्रेमी की शादी रुकवाई है। जिसके बाद वधू पक्ष ने बारात लौटा दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो जयमाल स्टेज से आरोपी प्रेमी भाग निकला। उसने मोबाइल भी बंद कर लिया। जिसके बाद शादी टूट गई और बारात लौट आई।
मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग था। प्रेम प्रसंग के चलते युवती ने आर्यसमाज में तीन नवंबर को युवक के साथ शादी की थी। इधर, युवक की उसके परिजनों ने 11 दिसंबर को शादी तय कर दी।
प्रेमिका से छिपाकर युवक शुक्रवार को शादी करने पहुंचा। इसकी भनक युवती को लगी। उसने मलवां थाने में रात को शिकायत की। मलवां पुलिस ने गाजीपुर थाने में संपर्क किया। गाजीपुर पुलिस देर रात जयमाल के समय पहुंची। यह देखकर दूल्हे के होश उड़ गए। पुलिस ने वधू पक्ष से संपर्क किया और सारे मामले की जानकारी दी।
तभी दूल्हा मोबाइल बंद कर लापता हो गया। पुलिस दूल्हे की खोजबीन में जुटी रही। पुलिस दूल्हे के पिता को थाने में पूछताछ को ले गई। मलवां प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि युवती ने आर्य समाज मंदिर का सबूत पेश किया है। इनके बीच अंतर्जातीय होने के कारण समस्या थी। लड़की पक्ष ने शादी तोड़ दी है। फिलहाल युवती ने शादी रोकवाने की मांग की है।