इटावा मे प्री यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में खेलने आई बड़ौत की बेटी वर्तिका मलिक का लक्ष्य ओलंपिक में सोने पर निशाना लगाकर दुनिया में तिरंगा फहराना है। जिला और प्रदेशस्तर पर मिले कई पदक और माता-पिता के सहयोग ने उसका हौसला बढ़ा दिया है।
बागपत जिले के बड़ौत निवासी शिक्षक विकास मलिक की बेटी वर्तिका कक्षा 11 की छात्रा है। निशानेबाजी के लिए साथ पढ़ने वाली शगुन मलिक ने प्रेरित किया। बेटी ने निशानेबाजी की इच्छा जताई तो महंगा खेल होने के बावजूद माता-पिता ने हामी भर दी। बेटी भी उम्मीदों पर खरी उतरी और दो तीन साल बाद ही मैडलों पर निशाना लगाना शुरू कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनु तोमर से प्रशिक्षण ले रही वर्तिका जिला स्तर की अलग-अलग प्रतियोगिताओं में आठ स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य जीत चुकी है। इसके अलावा अपर स्टेट यूथ प्रतियोगिता की 10 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण, स्कूल स्तर की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, एक रजत, नार्थ जोन ओपन की एयर रायफल में कांस्य जीत चुकी है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की 10 मीटर एयररायफल में उसने 22वीं रैंक हासिल की थी। इटावा में चल रही प्री यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में वर्तिका .22 रायफल पर हाथ आजमाने आई है। इस स्पर्धा में चौथे दिन तक उसका प्रदर्शन शानदार रहा। मां सीमा मलिक ने बताया कि वह सभी टूर्नामेंट में बेटी के साथ जाती हैं।
बेटा अर्जुन भी निशानेबाजी में ही हाथ आजमा रहा है। सीमा और विकास ने बताया कि बेटी और बेटे के प्रशिक्षण में महीने में अभी लगभग 35 हजार रुपये खर्च आ रहा है। माता पिता ने कहा कि पैसे की कोई बात नहीं बेटी की ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने की तमन्ना जरूर पूरी करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड जीत चुके हैं कुश
गाजियाबाद जिले के कुश सिरोही भी प्री यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में खेलने आए हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में के टीम वर्ग में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसी प्रतियोगिता में एयर पिस्टल टीम वर्ग में स्वर्ण और 10 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य जीता था। इसके अलावा ओपन नेशनल में सिविलियन टीम में की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भी स्वर्ण पर निशाना लगा चुके हैं। 50 मीटर टीम स्पर्धा का स्वर्ण भी उनके ही नाम रहा था।