कानपुर के कोहना इलाके में कक्षा नौ की छात्रा से रोज़ाना छेड़छाड़ की जा रही थी। स्कूल आने-जाने के बीच छात्रा रोज शोहदों की छींटाकसी का शिकार होती थी। इन वाकयों के खौफ से छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया।
शुरुआत में स्कूली छात्रा का स्कूटी से पीछा कर उसे परेशान किया जाने लगा, लेकिन जब छात्रा ने उनकी बात नहीं मानी तो शोहदों ने उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। छेड़छाड़ करने वाले छात्रा के मोहल्ले के ही तीन लड़के बताए जा रहे हैं।
छात्रा की मां का आरोप है कि थाने में शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। शोहदों ने बेटी पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी है। मां ने आईजी से भी शिकायत की है। रानी घाट निवासी प्राइवेट कर्मी की पत्नी ने बताया कि उनकी बेटी को मोहल्ले का गोलू और उसके साथी पवन, दीपक और सौरभ परेशान करते हैं।
एक बार स्कूल जाते समय लड़कों ने जानबूझकर स्कूटी में टक्कर मारकर उसे गिरा भी दिया था। दो दिन से बेटी लड़कों के डर से स्कूल नहीं जा रही है। थाने में शिकायत की तो लड़कों ने तेजाब फेंकने की धमकी दी है। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि फिलहाल थाने कोई शिकायत नहीं आई है, फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है।