उत्तर प्रदेश के महोबा में माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज बोर्ड द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की परीक्षा देने गई छात्रा अंग्रेजी विषय का कठिन प्रश्न-पत्र देखकर परीक्षा कक्ष में ही बेहोश हो गई।
जिससे कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा ड्यूटी में लगे कक्ष निरीक्षक 108 एंबुलेंस से छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। कोतवाली चरखारी के ग्राम सूपा निवासी पूजा (17) पुत्री बाबूलाल जीजीआईसी महोबा में हाईस्कूल की छात्रा है।
शनिवार को सुबह वह गांव से अंग्रेजी विषय का परीक्षा देने परीक्षा केंद्र जीजीआईसी में आई थी। पेपर देखते ही छात्रा गश खाकर गिर गई और बेहोश हो गई। जिससे कक्ष निरीक्षकों के हाथ-पांव फूल गए।
आनन-फानन में छात्रा पूूजा को अध्यापिका कल्पना अग्रवाल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाईं, जहां उसका उपचार कराया गया। उपचार के बाद छात्रा को घर भेज दिया गया। जिला अस्पताल के डॉ. गुलशेर अहमद ने बताया कि छात्रा को किसी भी तरह की कोई बीमारी नहीं पाई गई।