बांदा में शादी के नौ माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में युवती की फांसी से मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव में पुष्पा (20) पत्नी कौशल का शुक्रवार की देर रात घर में साड़ी के फंदे में शव टंगा मिला।
पति व घर के अन्य सदस्यों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि खाने में दाल बनाने को लेकर पत्नी से कहासुनी हो जाने पर पति ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था।
इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। उधर, ओरन गांव निवासी मृतका के भाई सुनील कुमार ने पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर पुष्पा की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा कि पिछले वर्ष 7 मई को शादी हुई थी।
पति दहेज में बाइक और भैंस की मांग कर रहा था। न देने पर बहन को प्रताड़ित करते थे। दो दिन पूर्व भी पति ने उसके साथ मारपीट की थी। डाक्टरों के दो सदस्यीय पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। उधर, बबेरू कोतवाली इंसपेक्टर तारा सिंह पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है।