बांदा जिले में जेल में बंद प्रेमी से मिलने से घरवालों के रोकने से क्षुब्ध युवती ने कुएं में कूदकर जान दे दी। यह भी बताया जा रहा है कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की युवती के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी आरोप में युवक जेल में बंद है।
घटना चिल्ला थाना क्षेत्र के दोहतरा गांव की है। सोमवार को तड़के करीब 3 बजे सपना साहू (21) पुत्री शिवकरण साहू घर के नजदीक कुएं में कूद गई। घर के लोग सोते रहे उन्हें इसकी भनक नहीं लगी।
सुबह तलाश करने पर कुएं की जगत में उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं। इस पर परिजनों और गांव वालों ने कुएं में कांटा डाला तो उसका शव निकला। मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता शिवकरण साहू ने बताया कि सपना रविवार को बांदा जेल में बंद गांव के ही एक युवक से मिलने जाने की जिद कर रही थी। घरवालों ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर घरवालों से उसकी नोकझोंक हुई। शाम को परिवार के लोग खा-पीकर सो गए।
तड़के उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। उधर, चिल्ला थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि कुछ माह पहले गांव का एक युवक सपना को बहला-फुसलाकर लेकर चला गया था। सपना के पिता ने युवक के विरुद्ध धारा 363, 366 की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी मामले में युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वह अभी भी जेल में है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसी को लेकर घर में हुए विवाद के बाद कुएं में कूदकर सपना ने आत्महत्या कर ली।