कानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की एक दिवसीय पीएमश्री जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुक्रवार को किदवईनगर स्थित स्व. रतनलाल शर्मा स्टेडियम में हुई। इसमें कानपुर नगर के 23 विद्यालयों के 184 बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 142 अंक लेकर घाटमपुर ओवरऑल चैंपियन रहा।
वहीं, 123 अंक लेकर लेकर बिल्हौर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक राजेश कुमार वर्मा व बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी आवश्यक है। इससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है।
सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक और बीएसए ने विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। यहां पर यासमीन रहमान, जिला व्यायाम शिक्षक विकास तिवारी, राजेश यादव, सुरेश गौर, शालनी सिंह, रत्नेश द्विवेदी, शरद कुमार, अभय सिंह, संजय तिवारी, यासमीन जहाँ, निहारिका सिंह आदि रहीं।
प्रतियोगिता के परिणाम-
प्राइमरी बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में भीतरगांव की नीतू, 100 व 200 मीटर दौड़ में घाटमपुर की दिव्यांशी विजेता रहीं। बालिका वर्ग की लंबीकूद में घाटमपुर की दिव्यांशी विजेता रहीं। वहीं, बालक वर्ग कबड्डी व खो-खो में घाटमपुर विजेता रहा। 50 मीटर दाैड़ में भीतरगांव के लकी, 100 मीटर में घाटमपुर की लक्ष्मी नारायण, 200 मीटर में घाटमपुर के डिंपल, ऊंचीकूद में भीतरगांव के ओमप्रकाश विजेता रहे।
जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर व 400 मीटर दाैड़ में सरसौल की राधा, 200 मीटर में शिवराजपुर की उमा विजेता रहीं। लंबीकूद के पतारा की काजल, ऊंचीकूद में बिल्हौर की कविता, कबड्डी में नर्वल जोन और खो-खो में घाटमपुर विजेता रहा। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बिल्हौर के देवा, 200 मीटर में शिवराजपुर के अजय कुमार, 400 मीटर में कल्याणपुर के ऋषभ रहे।
लंबीकूद में बिल्हौर के देवा, ऊंचीकूद में हरजेंद्ररनगर के साहिल, कबड्डी में नर्वल और खो-खो में सदर जोन विजेता बना। बैडमिंटन एकल वर्ग में चौबेपुर की अल्का, डबल्स वर्ग में पतारा की सेजल-हर्षिता, वॉलीबाल में पतारा टीम विजेता रही।