लखनऊ आवास से रिमोट के जरिए शनिवार को सीएम अखिलेश कुमार ने जीजीआईसी चुन्नीगंज और राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल कासिमपुर का लोकार्पण किया।
जीजीआईसी में मौजूद विधायक इरफान सोलंकी और राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में डीआईओएस द्वितीय जयकरन लाल वर्मा ने फीता काटा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए।
सुबह 11 बजे जीजीआईसी में विधायक इरफान सोलंकी, डीआईओएस शिव पूजन पटेल और जीजीआईसी की प्रिंसिपल मौजूद थीं।
लखनऊ आवास से मुख्यमंत्री ने रिमोट से लोकार्पण किया फिर यहां मौजूद अतिथियों ने फीता काटा। स्कूल की छात्राओं के द्वारा सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
जीजीआईसी का शिलान्यास 2013 में मुख्यमंत्री ने किया था। स्कूल के लिए तीन करोड़ से अधिक का बजट पास हुआ था।
अभी तक जीजीआईसी की कक्षाएं जीआईसी चुन्नीगंज में संचालित होती रही है। फर्नीचर आने के बाद जीजीआईसी को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
फर्नीचर के लिए 29 लाख जारी
जीजीआईसी में स्कूल संचालित होने में कुछ समय लगेगा। कारण, जीजीआईसी में अभी फर्नीचर नहीं है। डीआईओएस शिव पूजन पटेल ने बताया कि स्कूल के फर्नीचर के लिए 29 लाख रुपये जारी हुआ है।
इसमें कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं के टेबल चेयर, प्रिंसिपल और आफिस स्टाफ के लिए फर्नीचर दिया जायेगा। फर्नीचर का टेंडर राजकीय निर्माण निगम को सौंपा है।