इटावा। श्री दिगंबर जैन विकास समिति ने गुरूवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन ध्रुव वाटिका में किया। सम्मान समारोह में समाज के हाई स्कूल इंटर की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया ने मेधावियों को सम्मान पत्र प्रदान किए।
इंटरमीडिएट की छात्रा तनू जैन को 98 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉप करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 52 अन्य मेधावियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि जैन धर्म सबसे अनूठा धर्म है, जिसमें जन्म से ही मोक्ष के लिए कामना की जाती है। विशिष्ट अतिथि सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने यातायात के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया। कहा कि यातायात के नियमों का पालन अवश्य करें। धर्मेंद्र जैन ने कहा समिति पिछले 22 वर्षों से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती चली आ रही है। समाज के जरूरतमंद बच्चों को भी शिक्षा के लिए मदद कर रही है। कार्यक्रम को चक्रेश जैन, महावीर प्रसाद, जय कुमार, दिनेश जैन, नवीन जैन, संजू जैन ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता प्रदेश परम संरक्षक पंडित महेंद्र कुमार जैन ने की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ,पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व सांसद विधायक रघुराज सिंह शाक्य, रामशरण गुप्ता,समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन जैन, नवीन जैन, अजीत बाबू, नवनीत जैन, योगेंद्र जैन, दिनेश चन्द जैन, हीरालाल जैन आदि मौजूद रहे।