इटावा बरेली हाइवे पर खड़ा दुर्घटना ग्रस्त ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रूखाबाद जिले में गैस टैंकर में रविवार भोर में पीछे से आ रहे ट्रक ने इटावा बरेली हाईवे पर टक्कर मार दी। इससे गैस टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उससे गैस का रिसाव होने लगा। इससे अफरातफरी मच गई। गैस प्लाट के अफसरों ने रिसाव बंद कराया। हाईवे पर तीन घंटे तक जाम लगा रहा। ट्रक को हटाने के बाद जाम खुल सका।
जिला औरैया से टैंकर गैस लेकर मोहम्मदाबाद के गैसिंगपुर प्लांट पर आ रहा था। रविवार की सुबह करीब 4.30 बजे सकवाई गांव के पास पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने गैस टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंकर का पीछे वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे गैस का रिसाव होने लगा। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ कर भाग गया।
सूचना मिलने पर कोतवाल संजय गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गैस के रिसाव से पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। सूचना पर गैस प्लांट के अधिकारी और कर्मचारी भी पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक और टैंकर को अलग किया, जिससे रिसाव अधिक होने लगा। इस दौरान प्लांट के कर्मचारियों ने रिसाव बंद किया। इसके बाद अफसर, टैंकर को लेकर चले गए।
पुलिस ने ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कराकर इटावा बरेली हाईवे का जाम सुबह करीब 7.30 बजे खुलवाया। कोतवाल ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।