कानपुर। बर्रा पुलिस ने मंगलवार को चार वसूलीबाज यूट्यूबरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इनमें बर्रा दो निवासी दिवस पांडेय, हेमंत विहार निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ युवा, महाराजपुर के धूमनपुर गांव निवासी योगेश दीक्षित और नर्वल थाना क्षेत्र के ख्वाजीपुर गांव का सत्यम गोस्वामी शामिल है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने आरोपियों के खिलाफ 25 जनवरी को गैंगस्टर की कार्रवाई की है। उनकी ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सभी आरोपी वसूलीबाज यूट्यूबर हैं। इस गैंग का सरगना दिवस पांडेय पांडेय है जबकि अभिषेक शर्मा, योगेश दीक्षित और सत्यम गोस्वामी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। सभी आरोपी अपने भय एवं आतंक के बल पर आर्थिक एवं भौतिक लाभ लेने के लिए सामूहिक रूप से मारपीट, गाली-गलौज, गुंडागर्दी एवं रंगदारी जैसे गैरकानूनी अपराध करते हैं। इनके खिलाफ बर्रा थाने में 25 अगस्त 2024 को एक रंगदारी मांगने का मामला दर्ज हुआ था।
गौरव कुमार नर्वल के पनौरी गांव निवासी डीसीएम चालक गौरव कुमार सिंह ने दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि दिवस और उसके साथी उससे जबरन हर माह रंगदारी वसूलते हैं। न देने पर पीटते हैं और उसके खिलाफ फर्जी ट्वीट व खबरें चलाने की धमकी देते हैं। विवेचना में योगेश दीक्षित व अन्य का नाम प्रकाश में आया। इनके खिलाफ नवंबर 2024 में आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा अप्रैल 2024 में बाबूपुरवा थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। इसमें भी रंगदारी न देने पर सोशल मीडिया के बदनाम करने के लिए पोस्ट किए जाने के आरोप लगाए गए थे। इसमें जून 2025 में आरोप पत्र दाखिल हुआ था। इसी तरह किदवईनगर में भी ऐसे ही आरोपों में दर्ज मामले में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
हिस्ट्रीशीट और जिलाबदर की भी हुई थी कार्रवाई
डीसीपी साउथ के अनुसार गैंग सरगना दिवस पांडेय और उसका साथी अभिषेक हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ छह माह के लिए जिलाबदर की भी कार्रवाई भी गई थी। तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।