कानपुर। 20 दिन में दूसरी बार नौबस्ता गल्ला मंडी धधक उठी। बुधवार सुबह मंडी के अंदर बनी बारदाने की टट्टर वाली दुकान में आग लग गई। बारदाने के ढेर से आग की लपटें उठती देख व्यापारियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया।
विजयनगर निवासी राम विलास गुप्ता की नौबस्ता गल्ला मंडी में बारदाने की दुकान है। दुकान में माल ज्यादा हो जाने पर उन्होंने टट्टर से घेर कर एक जगह पर बारदाने को एकत्र कर दिया था। बुधवार सुबह गल्लामंडी में रोज की तरह व्यापार चल रहा था। अचानक टट्टर में रखे बारदाने से धुआं उठने लगा।
कोई कुछ समझ पाता, तब तक आग की लपटें निकलने लगी। करीब 50 हजार रुपये का बारदाना जल गया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया की आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। दमकल की एक गाड़ी ने आग को बुझा दिया है।