बकेवर। 26 जून को दांदरपुर गांव में बवाल कराने के मुख्य आरोपी गगन यादव को ट्राइंग रेप केस कोर्ट से जमानत मिल गई है। लगभग 13 दिन बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम दांदरपुर में 22 जून को जाति छिपाने के आरोप में कथावाचकों के साथ मारपीट की गई थी। इसे लेकर गगन यादव उर्फ शुभम यादव ने सोशल मीडिया पर 26 जून को गांव पहुंचने का आह्वान किया था। पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए गगन यादव को आगरा में ही रोक लिया था, लेकिन उसके आह्वान पर बड़ी संख्या में कई जिलों से युवा जुट गए थे। पुलिस के रोकने पर युवकों ने बवाल कर दिया था। पुलिस पर पथराव कर दिया था। पुलिस को गोली चलाकर खुद की जान बचानी पड़ी थी। इस मामले में पुलिस ने गगन यादव समेत 20 नामजद व करीब डेढ़ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने 19 युवकों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दो युवकों को वीडियो से पहचान करके गिरफ्तार किया था। 15 अक्तूबर को मुख्य आरोपी गगन यादव को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया था। इसकी जमानत अर्जी अधिवक्ता ब्रजेंद्र गुप्ता की ओर से लगाई गई थी। मंगलवार को ट्राइंग रेप केस राखी चौहान की कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद गगन यादव की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है।