रूरा। महिला को पीटने का वीडियो वायरल होने व समाजसेवी संगठन के पदाधिकारियों के हंगामा करने के बाद पुलिस ने नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने फल विक्रेता व उसके साथी को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया है, दोनों को जेल भेजा गया है।
थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नहर कोठी के पास घेराबंदी कर कारी कलवारी गांव निवासी लवकुश व गांधीनगर रूरा निवासी फल विक्रेता दिलशाद को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सात जून को रूरा नहर पुल के पास आम खरीदने के विवाद को लेकर दुकानदार व ग्राहकों के बीच मारपीट हो गई थी। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर निरोधात्मक कार्रवाई की थी।
बृहस्पतिवार को ग्राहक महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारी हंगामा कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए थे। इसपर पुलिस को अपने कदम पीछे खींचने पड़े थे और मामले में महिला की ओर से दी गई दूसरी तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ की नीयत से हमला, मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से दोनों को 14 दिन के लिए जेल भेजा गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।