कन्नौज में मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज के गुरसहायगंज स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो व तीन के बीच शनिवार की शाम कानपुर से मथुरा जा रही मालगाड़ी के दो वैगन पटरी से उतर गए। अचानक झटका लगने से मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। हादसे के चलते कासगंज से कानपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन को गुरसहायगंज पर ही रोक लिया गया।
जबकि कानपुर से कासगंज तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को कन्नौज पर रोका गया। घटना की जानकारी रेल महकमे के बड़े अफसरों को दी गई। अफसरों के निर्देश पर कासगंज-कानपुर पैसेंजर ट्रेन को अनिश्चितकाल के स्थगित कर दिया गया है। वहीं, स्टेशन पर मौजूद क्रेन की मदद से वैगन को पटरियों पर रखने का काम शुरू कर दिया गया था।
शनिवार शाम करीब 6:40 बजे 42 वैगन की खाली मालगाड़ी चालक राजेंद्र कुमार व गार्ड भूपेंद्र सिंह लेकर कानपुर से मथुरा जा रहे थे। मालगाड़ी मेन लाइन पर आ रही थी, जिससे पैसेंजर ट्रेन को पास देने के लिए प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकना था। आटोमेटिक सिस्टम के तहत पैड बदला गया और मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर तीन पर जा रही थी।
तभी आटो रिवर्स हो जाने से पैड बदल गया, जिससे मालगाड़ी के 33 नंबर की वैगन से मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई और 33, 34 नंबर के वैगन पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी मिलने पर सहायक स्टेशन मास्टर अभिषेक मिश्रा ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
अभिषेक मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैड के रिवर्स होने के कारण मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने की बात सामने आई है, लेकिन पूरे मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। क्रेन की मदद से वैगन को पटरी पर रखने का काम शुरू कर दिया गया है। सुबह तक रेल यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।
यात्रियों में मची अफरातफरी
तेज आवाज के साथ मालगाड़ी के पहिए उतर जाने से मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस बीच यात्रियों की भीड़ कंट्रोल रूम पर पहुंच गई। इसके बाद कंट्रोलर के निर्देश पर सहायक स्टेशन मास्टर ने सूचना पट पर ट्रेनें अनिश्चितकाल के लिए निरस्त होने की सूचना लिख दी।
वहीं, शनिवार को तालग्राम में रोहली मेला से दर्शन कर कानपुर जाने वाले सैकड़ों यात्री परेशान रहे। इसके बाद यात्रियों में टिकट वापसी की होड़ मच गई और टिकट काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। तमाम यात्री रेलवे ट्रैक ठीक होने के इंतजार में प्लेटफार्म पर ही बैठे हैं।